
मानसून में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से बचाव के लिए अग्रवाल नर्सिंग होम की अपील
बसना। बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी नर्सिंग होम, बसना ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि बच्चों को घर से बाहर निकलते समय पूरे कपड़े पहनाएं, घर और आसपास पानी जमा न होने दें, मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित सफाई रखें, दरवाजों और खिड़कियों में जाली लगवाएं तथा मच्छर भगाने वाली क्रीम या रिपेलेंट का उपयोग करें। उन्होंने सलाह दी कि शाम के समय खिड़की-दरवाजे बंद रखें ताकि मच्छरों का घर में प्रवेश न हो।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यदि बच्चे को तेज बुखार, उल्टी, बेचैनी, शरीर पर चकत्ते या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इसे सामान्य वायरल बुखार समझकर नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय जांच कराना आवश्यक है, ताकि समय पर उपचार शुरू किया जा सके और गंभीर जटिलताओं से बचा जा सके।
अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी नर्सिंग होम, बसना ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सकता है।


