
राहुल भोई महासमुंद..
बिजली सुरक्षा को लेकर बागबाहरा में ग्रामीणों और कर्मचारियों को किया जागरूक
महासमुंद, 18 अगस्त 2026। बागबाहरा क्षेत्र में विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित बिजली उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। बागबाहरा उपसंभाग के ग्रामीण, बागबाहरा शहर, मुंगासेर एवं खल्लारी वितरण केंद्रों के अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की मौजूदगी में विद्युत सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री के.एस. भारती ने विद्युत सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए दुर्घटनाओं से बचाव के जरूरी उपाय बताए। उन्होंने ग्रामीणों से घरेलू विद्युत उपकरणों का उपयोग सावधानीपूर्वक करने और बिजली से जुड़े कार्यों में सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।

इस दौरान कूलर, इलेक्ट्रिक प्रेस, ओवन, मिक्सर, गीजर सहित अन्य उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल, अर्थिंग के महत्व तथा विद्युत दुर्घटनाओं से बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। खेतों में फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए अनधिकृत विद्युत फेंसिंग का उपयोग नहीं करने तथा अवैध एवं असुरक्षित विद्युत उपभोग से बचने की भी समझाइश दी गई।
कार्यशाला के दौरान कंपनी के जागरूकता पोस्टर “बिजली बचाएं, बिल घटाएं—छोटी बचत, बड़ा फायदा” और “कर्मचारी हित सर्वोपरि” का वितरण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षित कार्यप्रणाली को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में तकनीकी कर्मचारियों को विद्युत सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सहायक अभियंता श्री लेखराम सिदार, कनिष्ठ अभियंता श्री देवेंद्र कुमार देवांगन एवं श्री प्रशांत तिवारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




