
राहुल भोई महासमुंद..
‘एक पेड़ मां के नाम’ से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विधायक डॉ सम्पत अग्रवाल ने छात्रों से किया पौधों की देखभाल का आह्वान..


बसना। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सांकरा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में वन महोत्सव के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पौधरोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहिए। पेड़ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और सुरक्षित पर्यावरण देने का आधार हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ जीवनदायिनी ऑक्सीजन देने के साथ पूरी सृष्टि के पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी संवेदनशील बनें। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को उन्होंने जन्मदात्री मां और धरती मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम बताया। विधायक ने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम पर लगाने और उसकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष पिथौरा ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान बेहद जरूरी हैं। पंचायत प्रतिनिधियों, महिलाओं और विद्यार्थियों की सामूहिक भागीदारी से पौधों का संरक्षण संभव है और इससे गांवों में हरियाली बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी, जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिन्हा, एसडीएम बजरंग सिंह वर्मा, एसडीओ वन डिम्पी बैस, रेंजर अंतरंग पांडे, प्राचार्य डॉ. दीपक देवांगन, सरपंच सतपाल सिंह छाबड़ा सहित जिला एवं जनपद पंचायत के प्रतिनिधि और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश यही रहा कि पौधा लगाना शुरुआत है, उसकी देखभाल करना असली जिम्मेदारी है। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों को संरक्षित करने का संकल्प लेकर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।



