शा.उच्च प्राथमिक शाला मरदा खास में ईको क्लब फार मिशन लाईफ के तहत ई-वेस्ट मैनेजमेंट पर कार्यक्रम, दो दिवसीय क्विज व गतिविधियों का आयोजन….
लोकेशन:- कोयलीबेड़ा
रिपोटर:- मिथलेश उसेण्डी
कोयलीबेडा:-
शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मरदा खास में दो दिवसीय सोमवार एवं मंगलवार को ईको क्लब फार मिशन लाईफ अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को ई-वेस्ट मैनेजमेंट के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उससे संबंधित क्विज व अन्य गतिविधियां आयोजित की गई।
विद्यालय के इको क्लब के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूकता लाना था। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि खराब मोबाइल, चार्जर, बैटरी, लैपटॉप, कंप्यूटर, टीवी, रिमोट, बिजली के तार जैसे बेकार इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को ई-वेस्ट कहा जाता है। इनको खुले में या सामान्य कचरे के साथ फेंकने से मिट्टी, पानी और हवा में जहरीले तत्व घुल जाते हैं, जो मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए बेहद हानिकारक हैं।
बच्चों को समझाया गया कि ई-वेस्ट का सही प्रबंधन कैसे करें। ई-वेस्ट को अलग डिब्बे में इकट्ठा करना, उसे कबाड़ी या रिसाइकिल सेंटर को देना, खराब उपकरणों को ठीक कराकर फिर से उपयोग करना और जरूरत न होने पर नए गैजेट्स न खरीदना ही सच्चा प्रबंधन है। यही मिशन लाईफ का मूल मंत्र है – Reduce, Reuse और Recycle को अपनी आदत बनाने की जानकारी के बाद विद्यालय में ई-वेस्ट पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज में ई-वेस्ट क्या है, उसके प्रकार, उसके नुकसान और बचाव के उपायों से जुड़े सवाल पूछे गए।
इसके अलावा बच्चों ने पोस्टर बनाकर और नारे लिखकर ई-वेस्ट के खतरे और उसके समाधान को दर्शाया।

