

राहुल भोई महासमुंद
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा महासमुन्द एवं जूनियर रेडक्रॉस उपसमिति के तत्वावधान में माँ चण्डी मंदिर परिसर, बिरकोनी, जिला महासमुन्द में आयोजित जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन बी.एल. देवांगन, जिला शिक्षा अधिकारी, महासमुन्द के निर्देशन में किया गया। शिविर में बागबाहरा एवं महासमुन्द के विभिन्न विद्यालय से कुल 310 जूनियर्स एवं 57 काउंसलर्स ने सहभागिता की। शिविर की मुख्य थीम “मानवता के साथ नशामुक्ति के लिए पहला कदम” रही, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को मानवता, सेवा, नशामुक्त जीवन, अनुशासन, प्राथमिक सहायता, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में संदीप दीवान, सभापति, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा महासमुन्द ने जूनियर्स को सेवा का संकल्प लेकर निर्धारित लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जूनियर रेडक्रॉस का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, मानवता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।
येतराम साहू, जिलाध्यक्ष भाजपा एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा एवं सामाजिक सहभागिता का महत्व बताते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
नंद कुमार सिन्हा, सहायक संचालक शिक्षा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं मानवीय मूल्यों की भूमिका पर प्रकाश डाला। अंजली बरमाल, सहायक क्रीड़ा अधिकारी ने खेल, योग एवं शारीरिक सक्रियता के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
दाऊ लाल चंद्राकर, पूर्व उपसभापति ने रेडक्रॉस की सेवा परंपरा एवं मानवीय सहायता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। राजेश्वर खरे, सदस्य ने विद्यार्थियों को नशा, गुटखा एवं तंबाकू जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहने तथा अपने साथियों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
शिविर का संचालन करण सिंह सोरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. अशोक गिरि गोस्वामी, जिला रेडक्रॉस अधिकारी एवं राज्य प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षक, काउंसलर्स एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
शिविर के द्वितीय दिवस के प्रातःकालीन कार्यक्रम का शुभारंभ रेडक्रॉस ध्वज फहराने एवं रेडक्रॉस गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने योगाभ्यास, रंगोली निर्माण तथा शिविर परिसर की साफ-सफाई जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, रचनात्मकता, स्वच्छता एवं सामूहिक जिम्मेदारी का महत्व समझाया गया।
प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण से मिली आपातकालीन सहायता की जानकारी
शिविर में डॉ. यशवंत चौधरी, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी एवं रेडक्रॉस राष्ट्रीय प्रशिक्षक तथा दिनेश साहू, व्याख्याता एवं जिला रेडक्रॉस प्रशिक्षक द्वारा प्राथमिक सहायता (First Aid Training) का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने दुर्घटना, चोट एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में घायल व्यक्ति को समय पर प्राथमिक सहायता देने के महत्व से अवगत कराया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में संकट की स्थिति में धैर्यपूर्वक कार्य करने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा मानवीय सेवा के लिए तत्पर रहने की भावना विकसित करना रहा।
प्राकृतिक आपदा के कारण समापन समारोह स्थगित
प्राकृतिक आपदा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रतिभागियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शिविर का समापन समारोह स्थगित कर दिया गया। परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में मानवता, सेवा, सहयोग, अनुशासन, नशामुक्त जीवन, प्राथमिक सहायता, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। शिविर ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होती है और जरूरतमंदों की सहायता, नशे से दूरी तथा पर्यावरण की रक्षा जैसे छोटे-छोटे प्रयास मानवता की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

