पुत्री के विवाह की खुशी नन्हे बच्चों संग बांटी, पारख परिवार ने कराया आंगनबाड़ी में न्योता भोज
दुर्गूकोंदल, 13 जुलाई 2026।
दुर्गूकोंदल के प्रतिष्ठित पारख परिवार ने अपनी सुपुत्री साक्षी पारख के विवाह उपरांत सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में लगभग 40 नन्हे बच्चों के लिए स्नेहभोज (न्योता भोज) का आयोजन किया। परिवार ने अपनी खुशियों को समाज के बच्चों के साथ साझा कर सेवा और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणादायी संदेश दिया।
इस अवसर पर बच्चों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन प्रेमपूर्वक परोसा गया। नन्हे बच्चों ने बड़े उत्साह और आनंद के साथ भोजन किया। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और खुशी साफ दिखाई दी, जिसे देखकर उपस्थित सभी लोग भावुक और प्रसन्न नजर आए।
पारख परिवार के विनोद पारख एवं आरती पारख ने बताया कि पुत्री के विवाह की खुशी को केवल परिवार तक सीमित न रखकर समाज के नौनिहालों के साथ साझा करने की भावना से इस आयोजन का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है और भविष्य में भी परिवार सामाजिक सेवा के ऐसे कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाता रहेगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी पारख परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग, समरसता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं। इससे बच्चों में अपनत्व की भावना बढ़ती है और समाज को सकारात्मक संदेश मिलता है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कौशिल्या दुग्गा, ओमलता सोनी, जमुना जैन, सहायिका प्रियंका नरेटी, गोदावरी कोरेटी सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने पारख परिवार के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि सामाजिक अवसरों पर जरूरतमंद एवं नन्हे बच्चों के साथ खुशियां साझा करना अनुकरणीय पहल है।
दुर्गूकोंदल के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में पारख परिवार द्वारा आयोजित न्योता भोज में प्रेमपूर्वक भोजन करते नन्हे बच्चे एवं उपस्थित महिलाऐं।

