
राहुल भोई महासमुंद..
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा प्रांत की 142.60 लीटर अवैध शराब जब्त की है। बागबाहरा वृत्त में की गई इस कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
पहली कार्रवाई बिहाझर से फुलवारी कच्चे मार्ग पर की गई। यहां तेजुराम निराला (पिता- धरम निराला) को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी संतोष ब्रह्मदेव (पिता- पानदास) मौके से फरार हो गया। टीम ने उनके कब्जे से ओडिशा प्रांत की 75 हिरण छाप शराब पाउच (15 बल्क लीटर) तथा एक मोटरसाइकिल (CG06GW7145) जब्त की। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई मुनगासेर गांव में की गई, जहां मायाराम ढीमर (पिता- माहजन ढीमर) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ओडिशा प्रांत की 638 हिरण छाप शराब पाउच, कुल 127.60 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इस मामले में भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग ने दोनों मामलों में कुल 142.60 बल्क लीटर अवैध ओडिशा निर्मित शराब जब्त की है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक ह्रदय कुमार तिरपुड़े, आबकारी उपनिरीक्षक अनिल झारिया, आबकारी उपनिरीक्षक आरती साहू, आबकारी मुख्य आरक्षक संजय मरकाम, आबकारी आरक्षक सैयद इरफान अली, संजय तिवारी तथा महासमुंद आबकारी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

