📰 RKBHARATNEWS – हर खबर पर नजर
सरस्वती शिशु मंदिर संबलपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव
📍 स्थान: भानुप्रतापपुर, कांकेर (छत्तीसगढ़)
🗓️ संवाददाता: संतोष बाजपेयी
भानुप्रतापपुर। सरस्वती शिशु मंदिर, संबलपुर में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के नए सफर के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय में प्रवेश लेने वाले भैया-बहनों का तिलक वंदन कर उनका मुँह मीठा कराया गया तथा उन्हें पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर कक्षा आठवीं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं का भी तिलक वंदन, मिष्ठान एवं उपहार देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि तब रही जब कक्षा चौथी के छात्र सुक्षित बाजपेयी को छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय मेधावी परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। सुक्षित ने अपने माता-पिता, ग्राम संबलपुर तथा विद्यालय का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता रावटे (सरपंच, संबलपुर), अध्यक्षता सुश्री नलिनी प्रभा बाजपेयी (अध्यक्ष, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति) ने की। विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती गिरिजा देवी साहू (जनपद सदस्य), पारसमल बोथरा (व्यवस्थापक, सरस्वती शिशु मंदिर), भवसार जी (विभाग समन्वयक) तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री खिलावन साहू सहित समस्त आचार्य एवं दीदीजी उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अनुशासन, संस्कार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
✍️ रिपोर्ट: संतोष बाजपेयी
विधानसभा ब्यूरो चीफ, RKBHARATNEWS
📰 संपादक: आर. एल. कुलदीप

