भोपालपटनम में भक्तिभाव के साथ मां दुर्गा की स्थापना, नवरात्रि महोत्सव का हुआ शुभारंभ,,,,,,,
,,,,,,,, तेजनारायण सिंह की रिपोर्ट,,,,,,,,,,
**सार्वजनिक नवदुर्गा समिति द्वारा श्री कृष्णा पामभोई क्लब में विधि-विधान से की गई पूजा-अर्चना, सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल**
**भोपालपटनम।** नगर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना धूमधाम और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। सार्वजनिक नवदुर्गा समिति द्वारा नगर के हृदय स्थल स्थित श्री कृष्णा पामभोई क्लब में विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। पूजा-अर्चना में नगर की सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
नवरात्रि के प्रथम दिन आयोजित पूजा-अर्चना में यजमान के रूप में उगेंद्र वासम ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा की। बताया जाता है कि उगेंद्र वासम को वर्षों से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य मिलता रहा है। वे इस धार्मिक जिम्मेदारी को पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ निभाते आ रहे हैं।
पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मां दुर्गा की स्थापना के साथ ही नगर में नवरात्रि महोत्सव का उल्लास छा गया। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। महिलाओं और पुरुषों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया।
**लगभग 40 वर्षों से चली आ रही है नवरात्रि आयोजन की परंपरा**
भोपालपटनम नगर में सार्वजनिक नवदुर्गा समिति द्वारा नवरात्रि महोत्सव का आयोजन लगभग 40 वर्षों से किया जा रहा है। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा में नगरवासी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की आराधना के साथ श्रद्धालुओं में धार्मिक आस्था, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का विशेष माहौल रहता है।
नगरवासियों के सहयोग और श्रद्धालुओं की भागीदारी से यह आयोजन स्थानीय धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। मां दुर्गा की स्थापना के साथ ही भोपालपटनम में नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का माहौल है।

