*चिंगनार को मिली बड़ी सौगात, खुला नवीन धान खरीदी केंद्र, किसानों में खुशी की लहर*
*क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया शुभारंभ*
राजमन नाग
*चिंगनार :* अन्नदाताओं का सम्मान, उनकी उपज का उचित मूल्य और किसानों की समृद्धि ही सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। इसी संकल्प को साकार करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में चिंगनार क्षेत्र को नवीन धान खरीदी केंद्र की बड़ी सौगात मिली है, जिससे क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर नवीन धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, सहकारी समिति के सदस्य, सरपंच, पंचगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किसानों का उत्साह देखने लायक था। लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने पर किसानों ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
राज्य सरकार ने इस वर्ष किसानों के हित में बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में पंजीकृत किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। साथ ही सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई किसान किसी कारणवश 21 क्विंटल से कम मात्रा में भी धान बेचता है, तब भी उसे उसके बोए गए संपूर्ण सत्यापित रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से पूरी आदान सहायता राशि प्राप्त होगी। इससे किसानों को किसी भी प्रकार की आर्थिक हानि नहीं होगी और उन्हें पूरा लाभ मिलेगा।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष प्रदेश में धान उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। 360 नवीन उपार्जन केंद्रों पर सुव्यवस्थित धान खरीदी, ऑनलाइन टोकन प्रणाली तथा पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और तौल की पारदर्शी व्यवस्था सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में सुगमता हो और उन्हें लंबी कतारों में इंतजार न करना पड़े।
किसानों ने इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे किसानों के हित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया और मुख्यमंत्री एंव क्षेत्रीय विधायक सहित शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। किसानों का कहना है कि नवीन केंद्र खुलने से अब उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा, समय और पैसे दोनों की बचत होगी और समय पर उचित मूल्य मिलेगा।

