*छत्तीसगढ़ के अन्नदाताओं को मिलेगी आर्थिक राहत – सेवकराम नेताम, पूर्व विधायक केशकाल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष कोंडागांव*
*कोंडागांव।* सुशासन सरकार ने अन्नदाता किसानों के हित में निर्णय लेकर धान उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी है। कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी में यदि कोई किसान 21 की जगह केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तो उसे शेष 6 क्विंटल के अंतर की राशि आदान सहायता के रूप में मिलेगी। पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता मिलेगी।
सरकार के इस किसान हितैषी निर्णय का स्वागत करते हुए पूर्व विधायक केशकाल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सेवक राम नेताम ने साय सरकार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों के आर्थिक हितों को मजबूती देगा। विशेष रूप से बस्तर एवं सरगुजा संभाग के किसानों के लिए यह फैसला राहत और उम्मीद की नई किरण लेकर आया है।
बड़े डोंगर मंडल महामंत्री रामसाय नाग ने भी आभार जताते हुए कहा कि इससे किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और उनकी मेहनत को उचित सम्मान मिलेगा।
नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार किसानों की खुशहाली और कृषि की उन्नति के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। यह निर्णय सरकार की किसान हितैषी सोच और अन्नदाताओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
दोनों नेताओं ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम एवं विधायक नीलकंठ टेकाम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव है। किसानों को सशक्त बनाने वाले निर्णय गांवों में समृद्धि लाएंगे। अंत में उन्होंने कहा कि किसान खुशहाल होगा, तभी छत्तीसगढ़ खुशहाल होगा। अन्नदाता का सम्मान ही विकसित छत्तीसगढ़ का आधार है।

