आवास योजनाओं की समीक्षा में सीईओ जिला पंचायत सख्त, लापरवाही पर वेतन कटौती एवं कार्रवाई के निर्देश
राजमन नाग
कोण्डागांव, 31 अक्टूबर 2026/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अविनाश भोई की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विशेष परियोजना एवं आवास प्लस 2.0 की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी संभाग, समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा जिन हितग्राहियों द्वारा दो कमरों से अधिक बड़े आवास बनाए जा रहे हैं, उनके कम से कम एक कमरे की छत ढलाई अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए। जनपद पंचायत माकड़ी में 54 स्वीकृत आवासों में से 53 हितग्राहियों की प्रथम किश्त जारी होने तथा शेष एक प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। वहीं जनपद पंचायत फरसगांव में 8 हितग्राहियों की प्रथम किश्त लंबित होने पर संबंधित आवास समन्वयक को कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं निर्धारित समय-सीमा में किश्त जारी नहीं होने पर 8 दिवस के वेतन कटौती के निर्देश दिए गए।
जनपद पंचायत कोण्डागांव अंतर्गत ग्राम पंचायत कड़ेनार के तीन हितग्राहियों के दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं कराने एवं आवास स्वीकृति लंबित रहने पर संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकासखंड समन्वयक एवं तकनीकी सहायक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 3 दिवस के वेतन कटौती के निर्देश दिए गए। जनपद पंचायत केशकाल में 12 अपात्र हितग्राहियों के विलोपन की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
बैठक में तकनीकी सहायकों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिवस का वेतन काटने तथा विगत एक माह एवं छह माह की ई-अटेंडेंस के आधार पर नियमानुसार आगामी वेतन कटौती के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी तकनीकी सहायकों को प्रतिदिन आवासों का निरीक्षण करने तथा मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के समस्त अपूर्ण आवासों का आगामी तीन दिवस में संयुक्त निरीक्षण कर फोटो सहित गूगल शीट में प्रगति अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
विशेष परियोजना के अंतर्गत जनपद पंचायत बड़ेराजपुर की हितग्राही फेकन बाई के छत स्तर पर पहुंचे आवास को एक सप्ताह में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं आवंटित विशेष आवासों का निरीक्षण एवं फोटो प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने पर जनपद पंचायत केशकाल के उप अभियंता श्री टार्जन साहू तथा जनपद पंचायत कोण्डागांव के उप अभियंता श्री राधेश्याम साहू एवं श्री दिलीप यदु को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर एक वेतन वृद्धि रोके जाने संबंधी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत प्राप्त नवीन स्वीकृति लक्ष्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु सभी जनपद पंचायतों में डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं तकनीकी सहायकों की ड्यूटी निर्धारित करने तथा अभियान चलाकर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सीईओ जिला पंचायत श्री अविनाश भोई ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी आवास योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। आवास निर्माण में अनावश्यक विलंब, निरीक्षण में लापरवाही एवं निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

