*कोटपाड़ से आप के ‘छत्तीसगढ़ जोड़ो सदस्यता अभियान’ का आगाज, 22 गांवों के कार्यकर्ता हुए शामिल*
आम आदमी पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘छत्तीसगढ़ जोड़ो सदस्यता अभियान’ के तहत बड़े डोंगर ब्लॉक के ग्राम कोटपाड़ में संगठन विस्तार अभियान का आगाज किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 22 गांवों के कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए।
कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष बिरजू राम सलाम एवं जिला अध्यक्ष सुकूराम नाग के नेतृत्व में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर जोन सह प्रभारी सौरभ झा और कांकेर लोकसभा प्रभारी परवेश खान उपस्थित रहे।
सौरभ झा ने कहा कि बस्तर के जल, जंगल, जमीन पर आदिवासियों का पहला अधिकार है। भाजपा-कांग्रेस ने बारी-बारी से प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया, लेकिन स्थानीय लोगों को विकास से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि समृद्ध संसाधनों के बावजूद बस्तर के गांव आज भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और महंगाई जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। डबल इंजन सरकार विकास के दावे करती है पर जमीनी हकीकत अलग है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का लक्ष्य व्यवस्था परिवर्तन है। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की विचारधारा पहुंचाने और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर सोनसाय नेताम, रैनू राम सलाम, लच्छू राम कोर्राम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

