

बाल दिवस पर बसना में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की पहल, 14 नवंबर को लगेगा निःशुल्क शिविर डॉ. वर्णिका शर्मा होंगी विशेष अतिथि
डॉ. वर्णिका शर्मा होंगी विशेष अतिथि, नवजात से 18 वर्ष तक के बच्चों की होगी स्वास्थ्य एवं विकास संबंधी जांच, सिकल सेल की निःशुल्क HPLC जांच भी
बसना। बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, समुचित विकास और उज्ज्वल भविष्य को लेकर बसना में एक विशेष पहल की जा रही है। अग्रवाल नर्सिंग होम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं संबल (Sambal) के संयुक्त तत्वावधान में 14 नवंबर 2026, शनिवार को निःशुल्क शिशु स्वास्थ्य एवं विकास शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. वर्णिका शर्मा विशेष रूप से शामिल होंगी।
इस शिविर का उद्देश्य बच्चों में होने वाली सामान्य बीमारियों की पहचान के साथ-साथ उनके शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं व्यवहारिक विकास का आकलन करना है। शिविर में नवजात शिशुओं से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सर्दी-खांसी, बुखार, कमजोरी, एनीमिया, वजन एवं लंबाई में कमी, थायराइड, मधुमेह, मिर्गी और हृदय संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।
विशेष बच्चों के विकास पर रहेगा विशेष फोकस
शिविर की खास बात यह होगी कि इसमें बच्चों की विकासात्मक समस्याओं की पहचान और उनके समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ऑटिज्म (ASD), एडीएचडी (ADHD), सेरेब्रल पाल्सी (CP), डाउन सिंड्रोम, बोलने एवं भाषा के विकास में देरी तथा सीखने और व्यवहार संबंधी समस्याओं का विशेष आकलन किया जाएगा। इसके लिए चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट, स्पीच थेरेपिस्ट, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट एवं फिजियोथेरेपिस्ट की टीम बच्चों की जरूरत के अनुसार परामर्श और थेरेपी संबंधी मार्गदर्शन देगी। इससे अभिभावकों को बच्चों की समस्याओं को समय रहते समझने और उचित उपचार की दिशा में कदम उठाने में मदद मिलेगी।
सिकल सेल जांच और अन्य सुविधाएं भी निःशुल्क
महासमुंद जिले में सिकल सेल की समस्या को देखते हुए शिविर में इस पर विशेष जोर दिया जाएगा। जिन बच्चों की अब तक सिकल सेल की जांच नहीं हुई है, उनके लिए निःशुल्क HPLC टेस्ट की व्यवस्था की गई है। वहीं प्रभावित बच्चों को उपचार एवं देखभाल संबंधी विशेषज्ञ परामर्श दिया जाएगा। इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार रक्त जांच, एक्स-रे, अन्य विशेष जांच और दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। बच्चों के दांतों की संपूर्ण जांच भी शिविर में निःशुल्क होगी।
अभिभावकों को पोषण और मोबाइल के सीमित उपयोग की मिलेगी सलाह
बच्चों का स्वस्थ विकास केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि संतुलित पोषण, खेलकूद और बेहतर जीवनशैली भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य से शिविर में संतुलित आहार, स्तनपान, बच्चों के पोषण और स्वस्थ दिनचर्या को लेकर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। साथ ही मोबाइल, टीवी और लैपटॉप के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति अभिभावकों को जागरूक करते हुए बच्चों को आउटडोर खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करने की सलाह दी जाएगी।
संबल के माध्यम से विशेष बच्चों को मिल रही नई उम्मीद
अग्रवाल नर्सिंग होम की नई पहल संबल (Sambal) लगभग डेढ़ माह से बसना के जगदीशपुर रोड पर संचालित है। यहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए स्पीच थेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, बिहेवियरल थेरेपी एवं स्पेशल एजुकेशन की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य विकास संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे बच्चों को उचित मार्गदर्शन, थेरेपी और बेहतर जीवन की दिशा देना है।
डॉ. वर्णिका शर्मा की रहेगी विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने वाली डॉ. वर्णिका शर्मा बाल अधिकार संरक्षण एवं सैन्य मनोविज्ञान की प्रतिष्ठित अध्येता हैं। वे राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच की राष्ट्रीय महामंत्री (प्रमुख) भी हैं। उनके 35 शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने तीन संपादकीय पुस्तकों का लेखन एवं एक पुस्तक का संकलन किया है तथा 353 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में सहभागिता की है। वे चांदखुरी पुलिस प्रशिक्षण अकादमी सहित सैन्य एवं अर्धसैनिक बलों को प्रशिक्षण भी प्रदान कर चुकी हैं।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. एन.के. अग्रवाल एवं उनकी टीम के मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित अग्रवाल के संयोजन में किया जा रहा है।
यहां और इस समय पहुंचे शिविर में
निःशुल्क शिशु स्वास्थ्य एवं विकास शिविर का आयोजन 14 नवंबर, शनिवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक पुरानी अशोक अग्रवाल ऑयल मिल, जगदीशपुर रोड, बसना स्थित संबल परिसर में होगा।
अधिक जानकारी एवं संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 77730 86100, 84618 11000 एवं 62672 27857 पर संपर्क किया जा सकता है।
आयोजकों ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की है कि वे बाल दिवस के इस अवसर पर अपने बच्चों को शिविर में अवश्य लेकर आएं और निःशुल्क विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ उठाएं। यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य की समय रहते पहचान, उचित उपचार और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।


