Homeछत्तीसगढ़*मोहला मानपुर--रोज की मारपीट का खूनी अंजाम! कुल्हाड़ी से पति की हत्या,...

*मोहला मानपुर–रोज की मारपीट का खूनी अंजाम! कुल्हाड़ी से पति की हत्या, पत्नी 24 घंटे में गिरफ्तार*

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी— जिले के थाना खड़गांव क्षेत्र के ग्राम सिवनी में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। शराब के नशे में आए दिन मारपीट करने वाले पति की हत्या के मामले में खड़गांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पति की लगातार प्रताड़ना और मारपीट से परेशान होकर पत्नी ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया।

*घर की चारदीवारी में खूनी वारदात, कुल्हाड़ी से किया हमला*

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 की सुबह जांगय बाई पति स्व. चमर सिंह, निवासी ग्राम सिवनी बाजोपारा, थाना खड़गांव ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बहू मालती बाई ने गांव के एक व्यक्ति के मोबाइल से अपनी बेटी-दामाद को फोन कर बताया था कि बीती रात उसका पति कारजू राम शराब के नशे में घर पहुंचा और उसके साथ विवाद करते हुए मारपीट करने लगा।बताया गया कि कारजू राम पहले भी शराब पीकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। 16 नवंबर की रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान गुस्से में आकर मालती बाई ने घर में रखी कुल्हाड़ी से अपने पति के चेहरे, गर्दन और सीने पर वार कर दिया। हमले में गंभीर चोटें आने से कारजू राम की मौत हो गई।

*खाट पर पड़ा था पति का शव, दीवारों पर मिले खून के निशान*

घटना की सूचना मिलने पर मृतक की मां जांगय बाई अपनी बेटी-दामाद के साथ घर पहुंची। वहां कारजू राम परछी में खाट पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। घर की दीवार पर खून के छींटे और खाट के नीचे खून लगी कुल्हाड़ी मिलने से घटना की भयावहता सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 89/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

*एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई टीम, पूछताछ में सामने आया मामला*

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह (IPS) के दिशा-निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजुलता बाज एवं एसडीओपी मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खड़गांव निरीक्षक सुशील कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जांच-पड़ताल की और मृतक की पत्नी मालती बाई पुरामें, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम सिवनी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में मेमोरेंडम कथन लिया गया तथा वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटनास्थल से सादी मिट्टी एवं खून लगी मिट्टी जब्त की गई।

*24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी, आरोपी पत्नी दुर्ग जेल दाखिल*

पुलिस ने आरोपी मालती बाई को 18 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी। मामला अजमानतीय होने के चलते उसे अभिरक्षा में लेकर दुर्ग जेल दाखिल कराया गया।इस पूरी कार्रवाई में थाना खड़गांव पुलिस स्टाफ की विशेष भूमिका रही। त्वरित विवेचना और कार्रवाई के चलते पुलिस ने हत्या के इस सनसनीखेज मामले में महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES