*हिरक मंडल भोंगापाल में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा किट वितरण, 3 अक्टूबर को होगी परीक्षा*
*भोंगापाल,* हिरक मंडल भोंगापाल अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल की गई है। मंडल के अंतर्गत आने वाले शासकीय माध्यमिक शाला आलमेर, एंव शासकीय हाई स्कूल और माध्यमिक शाला भोंगापाल में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा की किट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप में ग्राम पंचायत भोंगापाल के सरपंच श्री रामसाय नाग एवं हिरक मंडल प्रभारी श्री नंदलाल नाग उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों के द्वारा कक्षा 5वीं से लेकर 10वीं तक के समस्त छात्र-छात्राओं को परीक्षा की पुस्तक और सामग्री की किट प्रदान की गई।
किट वितरण के दौरान सरपंच रामसाय नाग ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को अपनी भारतीय संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों का ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है। पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में हमारी युवा पीढ़ी अपनी मूल संस्कृति से दूर होती जा रही है। ऐसे में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा जैसी परीक्षाएं बच्चों को अपने देश के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों, वेदों, नैतिक मूल्यों और सनातन परंपराओं से जोड़ने का काम करती है।
वहीं नंदलाल नाग ने कहा कि हिरक मंडल द्वारा लगातार इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में नैतिक शिक्षा और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना है। उन्होंने सभी बच्चों से आह्वान किया कि वे पूरी लगन और मेहनत के साथ इस परीक्षा की तैयारी करें।
विद्यालय के प्रधान पाठकों और शिक्षकों ने भी इस पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा से बच्चों की सामान्य ज्ञान के साथ-साथ बौद्धिक क्षमता का भी विकास होगा। परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले बच्चों को मंडल स्तर एवं जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा, जिससे अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी।
बच्चों में भी किट पाकर काफी उत्साह देखा गया। बच्चों ने कहा कि वे इस परीक्षा के माध्यम से अपनी संस्कृति के बारे में विस्तार से जान पाएंगे।
गौरतलब है कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। इस वर्ष यह परीक्षा आगामी 3 अक्टूबर को आयोजित होगी। इस परीक्षा में हिरक मंडल के सैकड़ों बच्चे शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर सभी विद्यालयों में तैयारी शुरू कर दी गई है।

