जनहित के मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोयलीबेड़ा का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन
धान खरीदी घोटाले की जांच, किसानों को कृषि सामग्री, बिजली समस्या और नीट पेपर लीक मामले पर सौंपा ज्ञापन
कोयलीबेड़ा | लक्ष्मण दर्रो की रिपोर्ट
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोयलीबेड़ा के नेतृत्व में जनहित एवं क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक रैली एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया तथा प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धान खरीदी केंद्र क्रमांक-03 कोयलीबेड़ा में कथित अनियमितताओं एवं हेराफेरी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही किसानों के लिए डीएपी, यूरिया, पोटाश, धान बीज एवं अन्य कृषि आदान सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने विद्युत व्यवस्था में सुधार तथा बिजली बिलों की जांच कर राहत प्रदान करने की मांग की।
नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में जिला युवा कांग्रेस महासचिव विनोद उसेंडी, प्रभारी बद्रीनाथ गावड़े, प्रेम उन्द्रे, सरवन यादव, सुरेसिंह बघेल, सतीश सहारे, प्रीतम नाग, शेष गजबीये, यशपाल कांगे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कोयलीबेड़ा में ज्ञापन सौंपते एवं विरोध प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
✍️ लक्ष्मण दर्रो, कोयलीबेड़ा
RKBHARATNEWS – हर खबर पर नजर
संपादक: आर. एल. कुलदीप
📞 6267855263 | 9479083919



