मनीष कौशिक
मोहला—कलेक्टर सुश्री तनुजा सलाम के निर्देशानुसार जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में आज डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स मीट का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य जिले की डिजिटल उपस्थिति को मजबूत करने, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जिले की सकारात्मक गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने तथा आगामी सेवा संकल्प अभियान में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।बैठक में डिप्टी कलेक्टर सुश्री शुंभांगी गुप्ता, जिला जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र आर्य, सोशल मीडिया समन्वयक नितिन ठाकुर सहित विभिन्न सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स, यूट्यूब चैनल एवं सोशल मीडिया पेज संचालक तथा अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक में प्रशासन द्वारा जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, अभियानों एवं नवाचारों की जानकारी डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के साथ साझा की गई। साथ ही जिले की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं, पर्यटन की संभावनाओं, स्थानीय कला एवं परंपराओं, प्रतिभाओं, स्व-सहायता समूहों, स्थानीय उद्यमियों एवं सफल हितग्राहियों की कहानियों को डिजिटल माध्यमों के जरिए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जिले की डिजिटल पहचान को मजबूत करने के लिए प्रशासन और स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स के बीच सहयोग एवं समन्वय आवश्यक है। क्रिएटर्स को उनकी रुचि, विशेषज्ञता एवं प्लेटफॉर्म की प्रकृति के अनुरूप विभिन्न विषयों पर कंटेंट तैयार करने तथा जिले की सकारात्मक कहानियों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।क्रिएटर्स के साथ जिले में डिजिटल इन्फ्लुएंसर कल्चर को और विकसित करने, नियमित कंटेंट निर्माण, प्रमुख शासकीय गतिविधियों एवं अभियानों के डिजिटल कवरेज, स्थानीय व्यवसाय एवं पर्यटन को बढ़ावा देने तथा भविष्य में संयुक्त डिजिटल अभियानों की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।बैठक में यह भी चर्चा हुई कि स्थानीय स्तर पर कई बार “जिले में मांग नहीं है, इसलिए नया कुछ नहीं हो पा रहा” जैसी धारणा सामने आती है। इसके विपरीत, डिजिटल माध्यमों के जरिए जिले की संभावनाओं को लोगों तक पहुंचाकर नई मांग और नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। इस दिशा में कंटेंट क्रिएटर्स की पहुंच और रचनात्मकता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। “आप मांग उत्पन्न कीजिए, प्रशासन अवसर और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करेगा” की भावना के साथ मिलकर कार्य करने पर जोर दिया गया।आगामी सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर भी चर्चा की गई तथा सभी क्रिएटर्स को अभियान से जुड़कर इसके उद्देश्यों एवं गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग हेतु आमंत्रित किया गया।बैठक में यह भी कहा गया कि जिला अपेक्षाकृत नया है और अब अपनी विशिष्ट डिजिटल पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ने का उपयुक्त समय है। प्रशासन द्वारा स्थानीय क्रिएटर्स के साथ समन्वय, आवश्यक सहयोग एवं उनके सकारात्मक कार्यों को उचित मंच पर प्रोत्साहन एवं पहचान देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।अंत में प्रशासन एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स ने जिले की सकारात्मक पहचान को नई ऊंचाई देने के लिए “साथ मिलकर जिले की कहानी को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने” की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

