मनीष कौशिक
मोहला—कलेक्टर तनुजा सलाम की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह की उपस्थिति में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में एनकॉर्ड समिति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, सामाजिक समरसता तथा संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।एसडीएम मोहला हेमेंद्र भुआर्य समिति सदस्य श्रीमती नेहा पवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस विभाग के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।कलेक्टर तनुजा सलाम ने जिले में अवैध शराब के विक्रय, भंडारण एवं परिवहन संबंधी शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी, अवैध शराब के कारोबार तथा अन्य मादक पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन पर सख्ती से रोक लगाई जाए। प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती पर प्रभावी निगरानी रखते हुए नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए कलेक्टर ने नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए समाज कल्याण विभाग को जागरूकता कार्यक्रमों का मासिक कैलेंडर तैयार कर विद्यालयों में नियमित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग को कोटपा एक्ट के प्रावधानों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने तथा शैक्षणिक परिसरों एवं उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। मेडिकल स्टोरों में की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले के सभी मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती सलाम ने जिले की सड़कों पर दुर्घटना संभावित एवं ब्लाइंड स्पॉट की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को ऐसे स्थानों का चिन्हांकन कर आवश्यकतानुसार रिफ्लेक्टर एवं सुरक्षा संबंधी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा नशे एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध संयुक्त रूप से कार्रवाई की जा रही है, जिसमें आमजन का सहयोग भी आवश्यक है।एसएसपी ने सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए नशे की हालत में वाहन चलाने वालों एवं नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोपहिया वाहन विक्रेताओं को प्रत्येक वाहन के साथ हेलमेट उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। कानून व्यवस्था एवं सामाजिक समरसता की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती सलाम ने अधिकारियों को जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक बहिष्कार, सामुदायिक विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों पर सतत निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

