
राहुल भोई महासमुंद..
महासमुंद। जिले में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए प्रभारी मंत्री एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में अलग-अलग विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों और हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की विस्तार से समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाए। सड़क, पुल-पुलिया और अन्य अधोसंरचना से जुड़े कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पीडीएस और आजीविका डबरी के लिए अधिक से अधिक पात्र प्रकरण तैयार कर स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए। वहीं बिहान योजना से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर लगाने और शिविरों में बैंकर्स की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने पंचायतों में विकास कार्यों के लिए स्वीकृत राशि का निर्धारित उद्देश्य के अनुसार उपयोग करने को कहा। सरकारी राशि के दुरुपयोग या गबन की स्थिति में संबंधितों से नियमानुसार वसूली और कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य विभाग की समीक्षा में शेष राशन कार्डों की ई-केवाईसी जल्द पूरी कराने और उचित मूल्य की दुकानों में खाद्यान्न का समय पर भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि हितग्राहियों को राशन लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मौसमी बीमारियों को देखते हुए जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से एंटी-वेनम और रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा टीबी और मलेरिया उन्मूलन के लिए मैदानी स्तर पर निगरानी और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मेडिकल स्टोर्स में नशीली दवाइयों के अवैध विक्रय पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों को जल्द पूरा कराने और आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया। इसके अलावा राजस्व, कृषि, पशुपालन, शिक्षा सहित अन्य विभागों की योजनाओं और कार्यों की भी समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और शासन की योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, डीएफओ श्रीनिवास एन.टी. सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




