
राहुल भोई महासमुंद
जमीन पर बैठकर विधायक ने दिया बराबरी का संदेश, नीलांचल भवन में एक पंगत में नजर आए हजारों लोग
दीपावली मिलन समारोह में डॉ. संपत अग्रवाल की पहल बनी चर्चा का विषय, सांसद रूपकुमारी चौधरी भी रहीं मौजूद
बसना। दीपावली के अवसर पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के निवास नीलांचल भवन में आयोजित समरसता भोज ने सामाजिक एकता और समानता की एक अलग तस्वीर पेश की। यहां राजनीतिक पद और प्रतिष्ठा से अलग हटकर आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं ने एक साथ पंगत में बैठकर भोजन किया। आयोजन की सबसे चर्चित तस्वीर तब सामने आई, जब विधायक डॉ. संपत अग्रवाल भी किसी विशेष व्यवस्था के बजाय आम लोगों के बीच जमीन पर बैठकर भोजन करते नजर आए।
नीलांचल भवन में आयोजित इस दीपावली मिलन एवं समरसता भोज में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। महासमुंद सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी की विशेष मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव है। समाज की मजबूती तभी संभव है, जब हर वर्ग के लोग एक-दूसरे का सम्मान करें और भेदभाव से ऊपर उठकर साथ चलें। समरसता भोज इसी भावना को मजबूत करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि बसना विधानसभा का विकास तभी सार्थक होगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित होगी।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने विधायक की इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर जोड़ने वाला प्रयास बताया।
एक पंगत में दिखी सामाजिक एकता की तस्वीर
इस आयोजन की खासियत सिर्फ बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति नहीं रही, बल्कि अलग-अलग समाजों के लोगों का एक साथ बैठकर भोजन करना भी रहा। विधायक का आम नागरिकों के बीच बैठना और स्वयं अतिथियों का स्वागत करना भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना। आयोजन के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई कि सामाजिक जीवन में किसी की पहचान उसके पद या प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि आपसी व्यवहार और अपनत्व से होनी चाहिए।
कार्यक्रम में सह बौद्धिक प्रमुख छत्तीसगढ़ प्रांत डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, शक्तिपीठ प्रमुख गायत्री परिवार बसना देवचंद्र नायक, अलेख महिमा आश्रम दुरूगपाली के योगेंद्र महाराज, प्राचीन कबीर कुटी आश्रम तरेकेला के लखन मुनि साहेब, भाजपा जिला आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक सुमित अग्रवाल, जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी सहित विभिन्न समाजों के प्रमुख, पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
नीलांचल भवन में आयोजित यह समरसता भोज दीपावली के उत्सवी माहौल के बीच सामाजिक सद्भाव, समानता और आपसी जुड़ाव का संदेश देने वाला आयोजन बनकर सामने आया।


