*उंरन्दाबेड़ा में गणेश चतुर्थी पर एक कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न*
*फरसगांव।* राजमन नाग
विकासखंड फरसगांव के ग्राम पंचायत उंरन्दाबेड़ा में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर एक कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। गायत्री परिवार के तत्वाधान में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री परिवार के आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन कर किया गया। इसके पश्चात एक कुंडीय गायत्री महायज्ञ में ॐ भूर्भुवः स्वः… के गगनभेदी उद्घोष के साथ आहुतियां दी गईं। यज्ञ में ग्राम की सुख-शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, खुशहाली तथा विश्व कल्याण की कामना की गई। यज्ञ के दौरान उठे वैदिक मंत्रों से पूरा वातावरण भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के आचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे यज्ञीय आयोजनों से समाज में एकता, संस्कार और सद्भावना का संचार होता है तथा मनुष्य में सत्प्रवृत्तियों का विकास होता है।
इस महायज्ञ में ग्राम सरपंच, उप सरपंच, समस्त पंचगणों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, माताएं-बहनें और युवा वर्ग ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रद्धापूर्वक यज्ञ में आहुति दी। कार्यक्रम के अंत में भगवान गणेश की महाआरती की गई और उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से समूचा गांव गूंज उठा।

