
राहुल भोई महासमुंद..
महासमुंद जिले मे बसना थाना क्षेत्र के भंवरपुर चौकी अंतर्गत बड़े साजापाली गांव में हुई परदेशी यादव की मौत का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने के दौरान पत्नी से छेड़छाड़ की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि मनोहर कोसरिया और भानूप्रताप लहरे ने परदेशी यादव के साथ मारपीट कर दी। गंभीर चोट लगने के बाद परदेशी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी अस्पताल मेमो के जरिए पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले परदेशी यादव, मनोहर कोसरिया और भानूप्रताप लहरे एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान मनोहर की पत्नी से छेड़छाड़ किए जाने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज मनोहर ने परदेशी यादव के साथ हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की। गंभीर चोट लगने के बाद परदेशी जमीन पर गिर गया। इसके बाद भी मारपीट जारी रही और वह अचेत हो गया। बाद में मनोहर और भानूप्रताप उसे मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने मारपीट करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात के दौरान आरोपियों के कपड़ों पर खून लग गया था। पुलिस से बचने के लिए दोनों ने इन कपड़ों को भंवरपुर शासकीय अस्पताल के सामने एक गड्ढे में छिपा दिया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से दोनों के खून लगे कपड़े बरामद किए। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर भंवरपुर चौकी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 492/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी..
भानूप्रताप लहरे (37) निवासी कुदरीपारा, बांकी मोंगरा, जिला कोरबा।
मनोहर कोसरिया (37) निवासी बड़े साजापाली, चौकी भंवरपुर, थाना बसना, जिला महासमुंद।
पुलिस के अनुसार मामले में पुलिस ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर खून लगे कपड़े और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




