* शिवसेना (यूबीटी) का केंद्र सरकार पर हमला: “वोट चोरी के आरोपों से घिरे चुनाव आयुक्त को क्यों बचा रही है भाजपा?”** सम्पादक आर, एल, कुलदीप की रिपोर्ट*
रायपुर:
शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बड़ा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि देश की जनता इस समय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोट चोरी के आरोपों को लेकर आंदोलन कर रही है, लेकिन केंद्र सरकार और भाजपा उन्हें बचाने के लिए पूरा जोर लगा रही हैं।
शिवसेना (यूबीटी) का दावा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा एसआईआर (SIR) और अन्य तरीकों के जरिए वोट चोरी कर देश और विभिन्न राज्यों में भाजपा की सरकारें बनाई गईं। पार्टी ने कहा कि इसी वजह से आज देश भर के नागरिकों में भारी आक्रोश है और लोग वोट चोरी में कथित तौर पर सक्रिय भूमिका निभाने वाले चुनाव आयुक्त को जेल भेजने की मांग कर रहे हैं।
विज्ञप्ति में आगे कहा गया कि आम जनता के इस विरोध के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पूरी भाजपा मुख्य चुनाव आयुक्त के बचाव में खड़ी दिख रही है। शिवसेना के अनुसार, भाजपा का यह रुख इस बात को स्पष्ट करता है कि वर्तमान सरकार जनता के जनादेश से नहीं, बल्कि चुनाव में हुई कथित धांधली और षड्यंत्र के बल पर सत्ता में आई है।
पार्टी ने देश की आम जनता से अपील की है कि वे इस सरकार के खिलाफ एकजुट हों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरे समर्पण के साथ आंदोलन कर इस सरकार को दिल्ली और राज्यों की सत्ता से बेदखल करें।

