Homeछत्तीसगढ़*मोहला मानपुर---हाईवे पर सत्ता की हनक! भाजपा नेता भरत वर्मा का हंगामा,...

*मोहला मानपुर—हाईवे पर सत्ता की हनक! भाजपा नेता भरत वर्मा का हंगामा, ठेकेदार के इंजीनियरों को दी गालियां, मारने दौड़े!*

मनीष कौशिक

मोहला-मानपुर– सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने के नाम पर हाईवे में जिस तरह का हंगामा सामने आया है, उसने जिले की राजनीति और निर्माण कार्यों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। राजनांदगांव जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष भरत वर्मा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे सड़क निर्माण एजेंसी के इंजीनियर और सुपरवाइजर के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते, गाली-गलौज करते और कर्मचारियों की ओर आक्रामक ढंग से बढ़ते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद निर्माण एजेंसी ने राजनांदगांव से मानपुर तक चल रहे हाईवे निर्माण कार्य को बंद करने की बात कही है।मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:15 बजे भाजपा नेता भरत वर्मा अपने काफिले के साथ अंबागढ़ चौकी सीमा से लगे घुपसाल गांव पहुंचे थे। यहां राजनांदगांव से मानपुर तक करीब 100 किलोमीटर लंबे स्टेट हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है। इस सड़क निर्माण का ठेका कन्हैया अग्रवाल की निर्माण एजेंसी को मिला है।

गुणवत्ता पर सवाल या गाली-गलौज से बिगड़ा माहौल?

निर्माण एजेंसी के मुताबिक, भरत वर्मा ने मौके पर मौजूद इंजीनियर दामेंद्र टेमरे और सुपरवाइजर उमेश प्रजापति से निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल-जवाब शुरू किए। आरोप है कि बातचीत के दौरान वे अचानक आपा खो बैठे और ठेकेदार कन्हैया अग्रवाल को निशाने पर लेते हुए कथित तौर पर अभद्र भाषा में गाली-गलौज और धमकी देने लगे। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बना रहे एजेंसी के कर्मचारियों की ओर भी मारने के लिए दौड़ने जैसी स्थिति निर्मित हुई। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

एक विवाद और 100 किलोमीटर के निर्माण पर ब्रेक!

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बड़ा असर सड़क निर्माण कार्य पर पड़ा है। निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर भूपेंद्र लखेरा ने बताया कि भाजपा नेता के साथ हुए विवाद और कर्मचारियों के साथ कथित बदसलूकी के बाद तत्काल प्रभाव से हाईवे का पूरा निर्माण कार्य रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि भरत वर्मा के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के लिए आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

सवालों के घेरे में सत्ता का रसूख!

अब सवाल यह है कि यदि सड़क निर्माण में गुणवत्ता संबंधी खामियां थीं, तो संबंधित विभाग और अधिकारियों के माध्यम से कार्रवाई कराने के बजाय मौके पर इस तरह का विवाद क्यों खड़ा हुआ? क्या निर्माण एजेंसी की शिकायत पर प्रशासन संज्ञान लेगा? क्या कर्मचारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी? और सबसे बड़ा सवाल यह कि एक विवाद के चलते 100 किलोमीटर लंबे महत्वपूर्ण हाईवे निर्माण की रफ्तार क्यों थम गई?

भरत वर्मा का पक्ष जानने का प्रयास

इस पूरे मामले में भाजपा नेता भरत वर्मा का पक्ष जानने के लिए उनसे मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

देखिए पूरा वीडियो, जिसमें हाईवे निर्माण स्थल पर हुए विवाद की तस्वीरें सामने आई हैं।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES