Homeछत्तीसगढ़*बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कलेक्टर श्री विश्वदीप का व्यापक दौरा, राहत शिविर...

*बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कलेक्टर श्री विश्वदीप का व्यापक दौरा, राहत शिविर पहुंचकर पीड़ितों का बढ़ाया हौसला*

*बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कलेक्टर श्री विश्वदीप का व्यापक दौरा, राहत शिविर पहुंचकर पीड़ितों का बढ़ाया हौसला*

 

*चंदनगिरी राहत शिविर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा,तिमेड़ ब्रिज नल्लमपल्ली और रामपुरम में बाढ़ की स्थिति का किया निरीक्षण, हर संभव सहायता का दिलाया भरोसा*

 

बीजापुर, 31 जुलाई 2026

जिले में लगातार हो रही वर्षा और बाढ़ की स्थिति के मद्देनज़र कलेक्टर श्री विश्वदीप ने शुक्रवार को भोपालपटनम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का व्यापक निरीक्षण किया।

उन्होंने सबसे पहले इन्द्रावती नदी के तिमेड़ पुल का अवलोकन कर जलस्तर एवं आवागमन की स्थिति की जानकारी ली। इसके पश्चात चंदनगिरी स्थित राहत शिविर पहुंचकर वहां ठहरे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना तथा उन्हें हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

 

राहत शिविर में कलेक्टर ने भोजन, स्वच्छ पेयजल, वस्त्र, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविर में रह रहे प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकताओं की नियमित रूप से पूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न होने पाए। साथ ही बाढ़ से हुई क्षति का शीघ्र सर्वेक्षण कर पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री विश्वदीप ने नल्लमपल्ली एवं रामपुरम गांवों का भी भ्रमण कर बाढ़ की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

रामपुरम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज बहाव के साथ पानी बहता मिला। इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बहते पानी वाले मार्गों पर ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित की जाए तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी प्रकार की जनहानि की आशंका न रहे।

 

कलेक्टर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी स्थिति में बहते पानी को पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता या आपात स्थिति में तत्काल संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस अथवा जिला प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क करें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और प्रभावित प्रत्येक नागरिक तक राहत एवं सहायता पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है तथा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES