** पंचायत में सचिव के नदारद रहने से कामकाज ठप, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की बढ़ीं परेशानियां*आर, एल, कुलदीप की रिपोर्ट,,,,
बड़ेकापसी / पखांजूर:
ग्राम पंचायत बड़ेकापसी में पंचायत सचिव की लगातार अनुपस्थिति के कारण पंचायत का प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।
सचिव के नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं रहने से ग्रामीणों को छोटे-छोटे प्रमाण-पत्रों और शासकीय योजनाओं के लाभ के लिए भटकना पड़ रहा है।
इस अव्यवस्था का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है।
बच्चों के जाति, निवास और अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित काम अटक जाने के कारण उन्हें और उनके अभिभावकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को लेकर ग्राम पंचायत बड़ेकापसी के सरपंच चंदन पोटाई ने कड़ी नाराजगी जताई है।
उन्होंने बताया कि सचिव के पंचायत कार्यालय में उपस्थित न रहने से जनहित के सभी विकास और प्रशासनिक कार्य ठप पड़े हैं।
*विधायक और जनपद CEO से शिकायत*
समस्या के समाधान और पंचायत व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सरपंच चंदन पोटाई ने क्षेत्रीय विधायक तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) को लिखित शिकायत सौंपी है।
उन्होंने मांग की है कि सचिव की पंचायत कार्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए तथा लापरवाही बरतने पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।

