कोरगांव से शुरू हुई मंडल स्तरीय तिरंगा बाइक यात्रा, विश्रामपुरी क्षेत्र गूंजा “भारत माता की जय” के नारों से*
*कोरगांव*। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को कोरगांव में मंडल स्तरीय तिरंगा बाइक यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
यात्रा कोरगांव से शुरू होकर पूरे विश्रामपुरी क्षेत्र से गुजरी। रास्ते भर बाइक सवारों के हाथों में तिरंगा लहराता रहा और “तिरंगा हमारी शान है, भारत हमारा अभिमान है” जयकारों से पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री सेवक राम नेताम जी, एडवोकेट अंजोरी नेताम जी, सुश्री अनिता नेताम जी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति का भाव जगाने के साथ समाज को एकजुट करने का काम करती हैं।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी खूबी जनभागीदारी रही। बड़ी संख्या में सामाजिक जन, आम नागरिक और बुजुर्ग बंधु भी यात्रा में शामिल हुए। बुजुर्गों द्वारा तिरंगे को सम्मान के साथ प्रणाम करना सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।
समापन पर विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। इसे हर घर तक पहुंचाना हम सबका कर्तव्य है।

