*इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव शिकार पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार*
*मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने नीतिकाकलेर क्षेत्र में की कार्रवाई, शिकार सामग्री और वन्यप्राणी का मांस बरामद*
बीजापुर, 21 अगस्त 2026,
इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर में वन्यजीव संरक्षण एवं अवैध शिकार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्यजीव शिकार के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीवन) एवं क्षेत्रीय निदेशक, इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, जगदलपुर तथा उप निदेशक, इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर के मार्गदर्शन में की गई।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत ग्राम नीतिकाकलेर क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान वन्यजीव शिकार से संबंधित मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से वन्यप्राणी के मांस (संभावित नीलगाय) सहित शिकार में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी बरामद की गई।
वन विभाग की टीम ने 19 अगस्त 2026 को की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय द्वारा आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
वन विभाग के अनुसार यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के उचित मार्गदर्शन, मैदानी अमले की सतत निगरानी, त्वरित सूचना तंत्र और सक्रियता का परिणाम है। मानसून के दौरान लगातार बारिश के कारण नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने और आवागमन की कठिन परिस्थितियों के बावजूद वन विभाग के अधिकारी एवं मैदानी कर्मचारी लगातार पैदल गश्त कर वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर द्वारा सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। वन विभाग ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वन अपराध या वन्यजीवों के शिकार से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम वन विभाग कार्यालय को दें।
वन्यजीव संरक्षण में स्थानीय निवासियों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए विभाग ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और अवैध शिकार के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के दौरान अधीक्षक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर, परिक्षेत्र अधिकारी फरसेगढ़/पासेवाड़ा, परिक्षेत्र अधिकारी सेण्ड्रा, परिक्षेत्र अधिकारी कुटरू बफर, परिक्षेत्र अधिकारी कुटरू कोर, परिक्षेत्र अधिकारी मद्देड़ बफर सहित इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर का मैदानी अमला मौजूद रहा।

