
राहुल भोई महासमुंद…
महासमुंद। जिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने भाजपा सरकार पर ग्रामीण जनता के आर्थिक शोषण का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश के अनेक गांवों में नल एवं प्रकाश और मकान टैक्स के नाम पर प्रत्येक राशन कार्डधारी परिवार से लगभग ₹1200 तक की वसूली के लिए मुनादी कराई जा रही है। यह फैसला गरीब, किसान, मजदूर, बुजुर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों की जेब पर सीधा हमला है। भाजपा सरकार गांव-गांव में विकास नहीं, बल्कि वसूली का अभियान चला रही है।
डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि भाजपा सरकार ने पहले महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती बिजली दरों से जनता की कमर तोड़ी, फिर खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों से लोगों का जीवन कठिन बनाया और अब ग्रामीण क्षेत्रों में टैक्स वसूली का नया बोझ डालकर गरीबों को आर्थिक संकट में धकेला जा रहा है। जिन परिवारों को दो वक्त की रोटी जुटाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, उनसे इस प्रकार की राशि वसूलना पूरी तरह अमानवीय और जनविरोधी निर्णय है।
दा रश्मि चंद्राकर ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन गांवों में आज भी नियमित पेयजल, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं, वहां जनता से नल एवं प्रकाश और मकान टैक्स के नाम पर भारी-भरकम राशि वसूलने का नैतिक अधिकार सरकार को किसने दिया है? भाजपा सरकार सुविधा देने में विफल है, लेकिन वसूली करने में सबसे आगे खड़ी दिखाई दे रही है।
डॉ. रश्मि चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता जनता को राहत देना नहीं, बल्कि किसी न किसी बहाने ग्रामीणों की जेब खाली करना बन गई है। चुनाव के दौरान किए गए विकास और जनकल्याण के बड़े-बड़े वादे आज पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। गांवों में विकास की जगह टैक्स का बोझ और आर्थिक उत्पीड़न बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने मांग की कि नल एवं प्रकाश और मकान टैक्स के नाम पर की जा रही वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए
डॉ. रश्मी चंद्राकर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार ने गरीबों और ग्रामीणों पर यह अन्यायपूर्ण आर्थिक बोझ डालना बंद नहीं किया, तो कांग्रेस पार्टी गांव-गांव जाकर जनजागरण अभियान चलाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी। कांग्रेस गरीब, किसान, मजदूर और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी ताकत के साथ लड़ाई लड़ती रहेगी। गरीबों की जेब पर डाका डालने वाली हर जनविरोधी नीति का कांग्रेस सड़क से सदन तक पुरजोर विरोध करेगी।

