

राहुल भोई महासमुंद..
सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की विशेष कार्रवाई, 8 वाहनों पर चालानी कार्रवाई
खम्हारपाली। परिवहन आयुक्त श्री एस. प्रकाश के निर्देश एवं अपर परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर के आदेशानुसार खम्हारपाली परिवहन चेकपोस्ट प्रभारी श्री नरेंद्र साहू के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया।
अभियान के तहत परिवहन विभाग की टीम ने चेकपोस्ट के आसपास स्थित ढाबों एवं मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे खड़े वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 20 हजार रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।
जांच के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। विभागीय टीम ने समझाइश देते हुए कहा कि सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
वाहन चालकों से अपील की गई कि वे अपने वाहनों को निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान पर ही खड़ा करें तथा यातायात और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस तरह के विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

