
*कांग्रेस को बस्तर का विकास और आदिवासियों का सम्मान पच नहीं रहा : भाजपा*
*जिला महामंत्री थानसिंह दीवान ने बैज और कांग्रेस पर साधा निशाना, दागा सवाल : क्या बस्तर में नक्सलवाद और धर्मांतरण चाहती है कांग्रेस?*
*महासमुन्द।* भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री थानसिंह दीवान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि बैज और कांग्रेस बस्तर के विकास और वहाँ के आदिवासियों को मिल रहे सम्मान को पचा नहीं पा रहे हैं। श्री दीवान ने सवाल दागा कि आखिर कांग्रेस के लोग चाहते क्या हैं? क्या कांग्रेस चाहती है कि बस्तर में नक्सलवाद बना रहे? क्या कांग्रेस चाहती है कि वहाँ धर्मांतरण होता रहे?
भाजपा जिला महामंत्री श्री दीवान ने कहा कि बैज बस्तर के विकास को देख नहीं पा रहे हैं। बस्तर पण्डुम (उत्सव) से उनको तकलीफ है, बस्तर में आयोजित ओलंपिक्स से उनको तकलीफ है। श्री दीवान ने कहा कि आज देश में ऐतिहासिक बदलाव आया है। बस्तर के सुदूर क्षेत्रों, गुफाओं, जंगलों और कन्दराओं से निकलकर जब आदिवासी भाई-बहन राष्ट्रपति भवन पहुँचे, तो महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका न केवल आदर-सत्कार किया, बल्कि अपने हाथों से उन्हें भोजन भी परोसा। क्या ऐसा सम्मान और संवेदनशीलता कांग्रेस के शासनकाल में कभी संभव थी? यह कांग्रेस के लिए असंभव था। श्री दीवान ने कहा कि जो कार्य कांग्रेस के लिए असंभव था, उसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने कर दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और आदिवासी समाज का गौरव बढ़ाने वालीं देश की पहली आदिवासी महिला महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू द्वारा बस्तर के आदिवासियों को दिया गया यह ऐतिहासिक सम्मान छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूलेगा।

