*NQAS मूल्यांकन में खरा उतरा PHC चेरपाल, गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की ओर बढ़ा मजबूत कदम*दीपक मरकाम की खबर,,
बीजापुर 05 जुलाई 2026,
विकासखंड बीजापुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) चेरपाल ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत आयोजित बाह्य मूल्यांकन को सफलतापूर्वक पूरा कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 03 एवं 04 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC), नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम ने स्वास्थ्य केंद्र का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न गुणवत्ता मानकों का मूल्यांकन किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के मार्गदर्शन तथा खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) के नेतृत्व में संपन्न इस मूल्यांकन के दौरान सामान्य प्रशासन, ओपीडी, आईपीडी, प्रयोगशाला, लेबर रूम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, संक्रमण नियंत्रण, दवा प्रबंधन, स्वच्छता, मरीजों को उपलब्ध सुविधाएं एवं अभिलेख संधारण सहित विभिन्न पहलुओं का गहन परीक्षण किया गया।
मूल्यांकन प्रक्रिया में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), जिला जनस्वास्थ्य नर्सिंग अधिकारी (DPHNO), विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM), BDM, BAM, STS, MTS, RBSK टीम, चिकित्सा अधिकारी, PHC प्रभारी, सेक्टर सुपरवाइजर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), RHO (पुरुष एवं महिला), स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, मितानिन सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने मूल्यांकन दल को आवश्यक अभिलेख एवं जानकारी उपलब्ध कराते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, बेहतर समन्वय और टीमवर्क के कारण मूल्यांकन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन दल द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप आवश्यक सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की जनता को और अधिक गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
स्वास्थ्य विभाग ने PHC चेरपाल की इस उपलब्धि को जिले में गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाया जाएगा।

