
राहुल भोई महासमुंद..
महासमुंद. छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही दूसरे राज्यों से धान लाकर यहां खपाने की कोशिशें सामने आने लगी हैं। ओडिशा से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की आशंका के बीच मंडी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 85 कट्टा धान से लदे एक वाहन को पकड़ा है। इस कार्रवाई ने सीमावर्ती इलाकों में धान के अवैध परिवहन और खरीदी व्यवस्था पर निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मंडी विभाग की टीम को ग्राम दुहुल में एक वाहन से धान का परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर मंडी उपनिरीक्षक ललित मोहंती और साजिद मोहम्मद सहित विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर वाहन क्रमांक CG-04-LJ-4552 को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन में 85 कट्टा धान लोड मिला।
वाहन चालक से पूछताछ और जांच के दौरान धान के मालिक की पहचान उमेश कुमार साहू, निवासी ग्राम दलतल्ली, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक धान ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था। कार्रवाई के बाद वाहन को दुहुल चौकी के सुपुर्द कर दिया गया है।
स्थानीय किसानों के हक पर उठ रहे सवाल
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले ही दूसरे राज्य से धान की आवक का मामला सामने आना कई सवाल खड़े करता है। यदि दूसरे राज्यों से धान लाकर यहां की खरीदी व्यवस्था में खपाने की कोशिश होती है, तो इसका सीधा असर स्थानीय किसानों के हितों और सरकारी खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता पर पड़ सकता है।
खासकर ओडिशा सीमा से लगे महासमुंद जिले के क्षेत्रों में धान के परिवहन पर लगातार निगरानी रखने की जरूरत है। फिलहाल मंडी विभाग की कार्रवाई में 85 कट्टा धान पकड़ा गया है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि धान कहां ले जाया जा रहा था और इसके परिवहन का वास्तविक उद्देश्य क्या था।

