HomeUncategorizedक्रेटा और स्विफ्ट कार से 37.3 किलो गांजा बरामद, 17.10 लाख की...

क्रेटा और स्विफ्ट कार से 37.3 किलो गांजा बरामद, 17.10 लाख की संपत्ति जब्त..07 आरोपी गिरफ्तार..

राहुल भोई महासमुंद..

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एएनटीएफ और सांकरा पुलिस ने गांजा तस्करी के एक स्थानीय सिंडिकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने दो कारों में गांजा परिवहन करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 37.300 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, थाना सांकरा क्षेत्र में वाहन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक क्रेटा और एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में ओडिशा से गांजा लेकर सांकरा के रास्ते रायपुर की ओर जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 स्थित बल्दीड़ीह चौक के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार क्रेटा और स्विफ्ट कार वहां पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर चालक और सवार लोगों से पूछताछ की। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 37.300 किलो गांजा जब्त किया।

ओडिशा से लाकर स्थानीय क्षेत्र में खपाने की थी योजना

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा लाकर स्थानीय क्षेत्र में खपाने की योजना में थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे के स्रोत की भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 160/2026, धारा 20(B) नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

17.10 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार और स्विफ्ट कार, साथ ही 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 17 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। इसमें 7.40 लाख रुपये का गांजा, 6 लाख रुपये की क्रेटा, 3 लाख रुपये की स्विफ्ट कार और 70 हजार रुपये के 6 मोबाइल शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी…

पुलिस ने मामले में महेंद्र पटेल उर्फ रितेश, टिके लाल मांझी उर्फ टिक्कू, सुमित शर्मा, देवेंद्र पटेल उर्फ दीपेश, गितेश नायक, नवसागर पटेल उर्फ नूतन और मंसुर खान को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी महासमुंद जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक ने बताया कि ऑपरेशन निश्चय के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार वाहन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है। इसी कार्रवाई के दौरान सांकरा क्षेत्र में दो वाहनों से 37.300 किलो गांजा बरामद कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में गांजा ओडिशा के सोनपुर से लाकर स्थानीय क्षेत्र में खपाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की कड़ियों और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

आपकी राय

[poll id="2"]

- Advertisment -spot_img

राशिफल

आज का मौसम

क्रिकेट लाइव स्कोर

Most Popular

RELATED ARTICLES