बस्तर। राष्ट्रीय साधन-सह प्रवीण्यता छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) की आगामी मुख्य परीक्षा की तैयारियों को लेकर बस्तर विकासखंड में अभ्यास परीक्षा का आयोजन उत्साहपूर्वक एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए पूरे बस्तर ब्लॉक को 14 जोनों में विभाजित किया गया था, जिसके अंतर्गत विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ परीक्षा में सहभागिता की।

परीक्षा के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती देवांगन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें स्वतंत्र, निर्भय एवं तनावमुक्त होकर परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अभ्यास परीक्षा विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने के साथ-साथ उन्हें आगामी मुख्य परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी केंद्राध्यक्षों एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण बना रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं परीक्षा व्यवस्था में लगे शिक्षकों-कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से सभी परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन एवं सुव्यवस्था बनी रही। वहीं विद्यार्थियों में भी परीक्षा को लेकर विशेष उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिला।
इस अवसर पर सहायक खंड शिक्षा अधिकारी श्री सुशील कुमार तिवारी, बीआरसी श्री अजम्बर कोर्राम, समस्त संकुल समन्वयक, पर्यवेक्षक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी के सहयोग एवं समन्वय से NMMS अभ्यास परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

