भोपालपटनम के नवपदस्थ थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने संभाला कार्यभार, पत्रकारों व व्यापारियों के साथ की पहली बैठक,,,,,,
,,,,,,,,तेजनारायण सिंह की रिपोर्ट,,,,,,,,,,
बीजापुर,भोपालपटनम,,,,,,,,,,,,,,,,,, नगर के नवपदस्थ थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों एवं व्यापारियों के साथ परिचयात्मक एवं समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक का उद्देश्य पुलिस, मीडिया और व्यापारिक वर्ग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सहयोग प्राप्त करना था।
बैठक में थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने उपस्थित सभी पत्रकारों एवं व्यापारियों से परिचय प्राप्त करने के बाद कहा कि पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने विशेष रूप से नशा मुक्ति अभियान पर जोर देते हुए कहा कि यदि कहीं भी अवैध रूप से नशीले पदार्थों का कारोबार या गतिविधियां संचालित होती दिखाई दें तो उसकी सूचना किसी भी माध्यम से पुलिस तक पहुंचाएं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अपने पूर्व पदस्थापन के दौरान भी उन्होंने अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की है और शासन के निर्देशों के अनुरूप यहां भी कानून का राज स्थापित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। साथ ही उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी वर्गों के सहयोग की अपेक्षा जताई।
बैठक के दौरान व्यापारियों एवं पत्रकारों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। नगरवासियों ने तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की। वहीं कॉलेज रोड पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का सुझाव दिया गया, ताकि छात्राओं एवं आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) घनश्याम कामरे ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आमजन की भागीदारी आवश्यक है। चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए उन्होंने दुकानों एवं प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता पर बल दिया तथा नगर में सार्वजनिक स्थानों पर भी सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के लिए शासन-प्रशासन से मांग करने की सलाह दी। उन्होंने अपने स्थानांतरण की जानकारी देते हुए सभी के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
बैठक के अंत में थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने भरोसा दिलाया कि थाना परिसर आम नागरिकों के लिए सदैव खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, शिकायत या आवश्यकता होने पर लोग बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करें। पुलिस जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
यह बैठक पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है, जिससे नगर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

