ढलाई स्तर तक पहुंचा प्रधानमंत्री आवास, दूसरी किश्त नहीं मिलने से हितग्राही परेशान
*निर्माण शुरू नहीं किया तो राशन रोका, अब काम आगे बढ़ा तो किश्त अटकी’— हितग्राही ने लगाई गुहार*
दुर्गूकोदल,
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवास का निर्माण कार्य ढलाई स्तर तक पहुंचने के बावजूद दूसरी किश्त की राशि जारी नहीं होने से विकासखंड दुर्गूकोदल के ग्राम चाहचाड़ निवासी हितग्राही हीरूराम सलाम आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र दूसरी किश्त जारी करने की मांग की है, ताकि अधूरा निर्माण कार्य समय पर पूरा कराया जा सके।
हितग्राही हीरूराम सलाम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें आवास स्वीकृत हुआ था। प्रारंभिक किश्त मिलने के बाद उन्होंने निर्माण कार्य शुरू किया और अपनी आर्थिक क्षमता तथा उधार लेकर मकान को ढलाई स्तर तक पहुंचा दिया। अब निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण चरण पूरा करने के लिए दूसरी किश्त की आवश्यकता है, लेकिन कई बार जानकारी देने और आग्रह करने के बावजूद राशि उनके खाते में जारी नहीं की गई है।
उन्होंने बताया कि राशि नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य पूरी तरह रुक गया है। निर्माण सामग्री और मजदूरी का भुगतान करना भी मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि समय पर किश्त मिल जाती तो मकान का कार्य शीघ्र पूरा हो जाता और परिवार को सुरक्षित आवास मिल जाता।
हीरूराम सलाम ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने आवास निर्माण कार्य शुरू नहीं किया था, तब सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला चावल बंद कर दिया गया था और निर्माण शुरू करने के लिए लगातार दबाव बनाया गया। अब जबकि उन्होंने निर्माण कार्य आगे बढ़ाकर ढलाई स्तर तक पहुंचा दिया है, तब दूसरी किश्त जारी नहीं की जा रही है। इससे उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि उनके निर्माण कार्य का शीघ्र सत्यापन कर नियमानुसार दूसरी किश्त की राशि तत्काल जारी की जाए, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना के उद्देश्य के अनुरूप उनका घर समय पर पूर्ण हो सके। हितग्राही का कहना है कि योजना का लाभ तभी सार्थक होगा, जब स्वीकृत राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए और पात्र हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

