*मुसलाधार बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था का सैलाब: भोपालपटनम , मददेड में थिरकते भक्तों ने गणपति बप्पा को दी भावभीनी विदाई* *विशेष वल्वा की रिपोर्ट*
भोपालपटनम: मद्देड़
बीजापुर जिले के भोपालपटनम तहसील अंतर्गत भोपाल पटनम मददेड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश के बावजूद गणेश विसर्जन का उत्साह चरम पर रहा।
मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था और उमंग को डिगा नहीं सकी।
गणेश समितियों में स्थापित भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमाओं का विसर्जन पूरे हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
मौसम की परवाह किए बिना हर वर्ष की भांति इस बार भी डीजे की धुन, ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे, शहनाई और स्थानीय कलाकारों के पारंपरिक सामूहिक नृत्य के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रंग-गुलाल उड़ाते हुए, एक-दूसरे को गले लगाकर भाईचारे का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं ने उत्सव का आनंद लिया।
तेज बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने गगनभेदी जयकारों और संगीत की थाप पर जमकर नृत्य किया।
पूरे नगर का माहौल “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से गुंजायमान रहा।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया गया।
इस आयोजन को शांतिपूर्ण और भव्य रूप से सफल बनाने में गणेश उत्सव समितियों के समस्त सदस्यों और समस्त गणेश उत्सव समितियों का विशेष सहयोग रहा।
सभी समितियों ने आपसी तालमेल और भ्रातृभाव का परिचय देते हुए विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया।

