आरोपों की राजनीति छोड़ प्रमाण प्रस्तुत करें, चक्काजाम से नहीं चलेगा जनहित का आंदोलन – दीपक पुड़ो
दुर्गूकोंदल की छवि खराब करने की साजिश बर्दाश्त नहीं, जनप्रतिनिधि पहले अपने दायित्व निभाएं
*कांकेर-* जनपद पंचायत दुर्गूकोदल में कथित कमीशनखोरी के आरोपों को लेकर किए जा रहे चक्काजाम आंदोलन पर भाजपा युवा मोर्चा कांकेर के जिला मीडिया प्रभारी दीपक पुड़ो ने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा है कि बिना किसी ठोस प्रमाण के गंभीर आरोप लगाना और फिर जनता को परेशान कर राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास करना पूरी तरह दुर्भाग्यपूर्ण है।
दीपक पुड़ो ने कहा कि यदि वास्तव में किसी अधिकारी द्वारा कमीशनखोरी की गई है तो उसके प्रमाण सार्वजनिक किए जाएं और सक्षम जांच एजेंसियों को सौंपे जाएं। लोकतंत्र में आरोप लगाने का अधिकार सभी को है, लेकिन आरोपों को प्रमाणित करना भी उतना ही आवश्यक है। केवल बयानबाजी और चक्काजाम से न तो भ्रष्टाचार साबित होता है और न ही समस्याओं का समाधान निकलता है।
उन्होंने कहा कि जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष जैसे जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को पहले जनपद पंचायत की बैठक बुलाकर विषय को सभी सदस्यों के समक्ष रखना चाहिए था। जनप्रतिनिधियों का दायित्व समाधान निकालना होता है, न कि राजनीतिक प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरना।
दीपक पुड़ो ने कहा कि आज दुर्गूकोदल क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, लेकिन कुछ लोग अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए क्षेत्र की छवि को धूमिल करने में लगे हुए हैं। जनता सब देख रही है और समझ रही है कि कौन विकास की राजनीति कर रहा है और कौन केवल विवाद पैदा कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास भ्रष्टाचार के प्रमाण हैं तो भाजपा युवा मोर्चा भी निष्पक्ष जांच की मांग का समर्थन करेगा, लेकिन बिना तथ्य और साक्ष्य के लगाए गए आरोप केवल राजनीतिक हताशा को दर्शाते हैं।
भाजपा युवा मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी दीपक पुड़ो ने कहा कि दुर्गूकोदल की जनता विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है, न कि सड़क जाम कर आम नागरिकों को परेशान करने वाली राजनीति। जनहित के मुद्दों का समाधान लोकतांत्रिक संवाद, तथ्यों और संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से ही संभव है।



