UDYAM CG08D0001018

Home Uncategorized महासमुंद में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, नागपुर का संचालक गिरफ्तार ..

महासमुंद में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, नागपुर का संचालक गिरफ्तार ..

0
17

राहुल भोई महासमुंद…

महासमुंद जिले की सांकरा पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था, जिसका मुख्य संचालन महाराष्ट्र के नागपुर से किया जा रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भगतदेवरी में नरेश निषाद की दुकान में नरेश निषाद और मनोहर मांझी रुपये-पैसों का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा खेल और खिलवा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों के मोबाइल फोन की जांच की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नागपुर निवासी मधुसूदन ठाकरे के संपर्क में रहकर आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगवाते थे। हार-जीत की रकम स्थानीय माध्यमों और PhonePe के जरिए लेन-देन की जाती थी।
जांच के दौरान मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टे से संबंधित चैट, ट्रांजेक्शन स्क्रीनशॉट तथा PhonePe के माध्यम से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक के संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर नागपुर निवासी मुख्य संचालक मधुसूदन ठाकरे को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट और वित्तीय लेन-देन की जांच में कई संदिग्ध नंबर और स्थानीय एजेंटों के सुराग मिले हैं। आशंका है कि इस नेटवर्क से कई अन्य खाईवाल और सट्टा संचालक भी जुड़े हुए हैं। पुलिस अब मोबाइल लोकेशन और वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगाल रही है।
आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी
नरेश निषाद (40), निवासी भगतदेवरी
मनोहर मांझी (38), निवासी नवागांव टुकड़ा, सांकरा
मधुसूदन ठाकरे (40), निवासी जैताला, नागपुर, महाराष्ट्र (मुख्य संचालक)
तीनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस का दावा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस ऑनलाइन सट्टा रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

 

About The Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here