*62 लाख रुपये के गबन मामले में निलंबित सीएमओ की बर्खास्तगी की मांग तेज ,भाजपा मंडल अध्यक्ष नरसिंह रेड्डी ने नगर पंचायत प्रशासन पर साधा निशाना*
, बीजापुर जिले भोपाल पटनम से दीपक मरकाम की खबर,
बीजापुर, भोपाल पटनम दिनांक 27 मई 2026
भोपालपटनम : भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष नरसिंह रेड्डी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर पंचायत भोपालपटनम के सीएमओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी उन्होंने सीएमओ द्वारा निर्माण कार्यों में मनमानी करते हुए अपने चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया था।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यदि सीएमओ 62 लाख रुपये के गबन जैसी गंभीर वित्तीय अनियमितता करने की हिम्मत कर सकते हैं, तो यह उनके लिए कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के चुने हुए 15 जनप्रतिनिधियों की राशि में कथित रूप से 62 लाख रुपये का गबन किया गया है, जो बेहद गंभीर मामला है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष नरसिंह रेड्डी ने कहा कि इस मामले में केवल निलंबन की कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि संबंधित सीएमओ को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। साथ ही गबन की गई 62 लाख रुपये की राशि ब्याज सहित वसूल कर नगर के विकास कार्यों में उपयोग किए जाने की मांग भी उन्होंने की।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की जनता के पैसे का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

