
हेपेटाइटिस के लक्षणों को न करें नजरअंदाज, समय पर जांच और इलाज से बच सकती है जान : विशेषज्ञ
बसना। हेपेटाइटिस (लिवर की सूजन) एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय रहते इसके लक्षणों की पहचान और उचित इलाज से इससे होने वाली जटिलताओं से बचा जा सकता है। अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, बसना के विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि घर में किसी बच्चे, युवा, बुजुर्ग या परिवार के किसी भी सदस्य में कुछ खास लक्षण दिखाई दें, तो उन्हें नजरअंदाज न करें और तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लें।
विशेषज्ञों के अनुसार यदि बार-बार या लगातार पेट में दर्द हो, भूख कम लगने लगे, पेशाब का रंग गहरा पीला या चाय जैसा हो जाए, बार-बार बुखार आए या आंखों का सफेद हिस्सा पीला दिखाई देने लगे, तो यह हेपेटाइटिस या लिवर से जुड़ी किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।
डॉक्टरों का कहना है कि समय पर जांच और सही उपचार से बीमारी को बढ़ने से रोका जा सकता है। इससे लिवर को होने वाले नुकसान से बचाव होता है और मरीज के जल्द स्वस्थ होने की संभावना भी बढ़ जाती है। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों को भी संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सकता है।
अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी लक्षण को हल्के में न लें। स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श करें, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान कर उचित इलाज शुरू किया जा सके। डॉक्टरों का मानना है कि जागरूकता और समय पर उपचार ही हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।


