
राहुल भोई महासमुंद…
महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये है, तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आरोपी संबलपुर (ओडिशा) से गांजा लाकर अमरावती (महाराष्ट्र) ले जाने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीठ पर पिट्ठू बैग में गांजा भरकर पैदल ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल चेक पोस्ट पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शेख नईम (30 वर्ष), पिता स्व. शेख सलीम, निवासी हबीब नगर, थाना खोलापुरी गेट, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी लेने पर उसके पिट्ठू बैग से 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यह गांजा संबलपुर (ओडिशा) से अमरावती (महाराष्ट्र) ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 किलोग्राम गांजा (कीमत 2,00,000 रुपये) तथा एक मोबाइल फोन (कीमत 5,000 रुपये) जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 2,05,000 रुपये आंका गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि गांजा तस्कर लगातार तस्करी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनके प्रयास लगातार विफल हो रहे हैं।
जनवरी 2026 से अब तक की कार्रवाई
कुल 117 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज।
7,517.321 किलोग्राम (75 क्विंटल 17 किलो) गांजा जब्त।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 37 करोड़ 86 लाख 6 हजार 150 रुपये।
कुल 287 आरोपी गिरफ्तार, जिनमें 72 छत्तीसगढ़ एवं 215 अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं।

