मनीष कौशिक
**मोहला—जिले में नई कलेक्टर सुश्री तनुजा सलाम की एंट्री के साथ ही प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी ली। पहली ही बैठक में उन्होंने अधिकारियों को टीमवर्क, बेहतर समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करने का स्पष्ट संदेश दिया।कलेक्टर ने कहा कि जिले के विकास के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*बैठक खत्म होते ही मैदान में उतरीं कलेक्टर*
अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कलेक्टर सुश्री तनुजा सलाम सीधे जिले के प्रमुख निर्माण कार्यों के निरीक्षण पर निकल पड़ीं। उन्होंने निर्माणाधीन जिला अस्पताल, संयुक्त जिला कार्यालय, सर्किट हाउस और पीडब्ल्यूडी कॉलोनी का जायजा लिया।जिला अस्पताल के निर्माण कार्य की प्रगति और नक्शे का अवलोकन करते हुए उन्होंने अधिकारियों से समय-सीमा की जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि जिला अस्पताल जनसुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्माण है, इसमें किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

*फाइलों से निकलकर विकास कार्यों की जमीन पर पहुंचीं*
संयुक्त जिला कार्यालय के निरीक्षण के दौरान भी कलेक्टर ने निर्माण की प्रगति परखी और कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। वहीं सर्किट हाउस एवं पीडब्ल्यूडी कॉलोनी का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की जानकारी ली।

नई कलेक्टर के पदभार संभालते ही बैठक से लेकर मैदानी निरीक्षण तक दिखा एक्शन मोड—अब अफसरों की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की रफ्तार पर रहेगी सीधी नजर।

