बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने विधायक विक्रम मंडावी का भोपालपटनम ब्लॉक में तूफानी दौरा,,,,,,,,,,
,,,,,,,,,,,तेजनातायण सिंह की रिपोर्ट,,,,,,,,,
भोपालपटनम।,,,,,,,,,,,,,,, बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने शुक्रवार को भोपालपटनम ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का तूफानी दौरा कर नदी किनारे बसे ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं का जायजा लिया। लगातार हो रही बारिश के कारण इंद्रावती नदी के जलस्तर में वृद्धि से कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जिसके चलते विधायक ने सुबह से ही विभिन्न गांवों का भ्रमण कर स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
विधायक मंडावी अपने सहयोगियों के साथ चंदनगिरी, गुनलापेंटा, बारेगुड़ा, पोलेम लिंगापुर, देपला सहित अन्य बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से घर-घर जाकर मुलाकात की, उनकी परेशानियों को सुना तथा राहत एवं बचाव संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। कई स्थानों पर लोगों ने आवागमन में कठिनाई, जलभराव, पेयजल की समस्या तथा आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
दौरे के दौरान विधायक विक्रम मंडावी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से फोन पर लगातार संपर्क कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराया और राहत कार्यों में तेजी लाने, आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से यह भी कहा कि किसी भी गांव में राहत और बचाव कार्यों में लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा जरूरतमंद परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक मंडावी ने अपील की कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों, उफनती नदी और नालों के आसपास जाने से बचें तथा शासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या जनप्रतिनिधियों को सूचना दें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी और वे स्वयं बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार के साथ खड़े हैं तथा उनकी हर समस्या के समाधान के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत ताटी, गौतम कामेश्वर सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों का हालचाल जाना और राहत कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया।
विधायक के इस व्यापक दौरे को बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के बीच राहत और भरोसा देने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।

