बस्तर। विकासखंड बस्तर के अंतर्गत माध्यमिक शाला मांझीपारा, कांवड़गांव में आयोजित न्यौता भोज कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर को उत्सव का रूप दे दिया। विद्यार्थियों ने प्रेम और आत्मीयता के साथ परोसे गए भोजन का आनंद लिया। स्वादिष्ट भोजन पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे विद्यालय में उत्साह का वातावरण बना रहा।

न्यौता भोज के साथ-साथ विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में सामाजिक सहभागिता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर संकुल समन्वयक चंद्रशेखर स्वादु, शिक्षक जगन्नाथ नाग, पुरुषोत्तम ध्रुव, अविनाश पानीग्राही तथा सचिव कुमारी सरिता ठाकुर उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाली प्रेरणादायक पहल बताया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय परिवार, ग्रामवासियों एवं जनसहयोग से संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने इस तरह के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ विद्यालय और समाज के रिश्तों को भी मजबूत बनाते हैं।

