
राहुल भोई महासमुंद..
महासमुंद। जिले में पटवारियों की हड़ताल के बीच जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। किसानों से जुड़े राजस्व कार्यों में लापरवाही और महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर प्रशासन ने पांच पटवारियों को निलंबित कर दिया है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों ने यह कार्रवाई की है।
प्रशासन के मुताबिक पंजीयन, पीवी सत्यापन और डीसीएस सर्वे जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर यह कदम उठाया गया है। कार्रवाई की जद में बागबाहरा तहसील के तीन, बसना अनुविभाग के एक और सरायपाली अनुविभाग की एक पटवारी आई हैं।
निलंबित होने वालों में भंगी राम ध्रुव, कमलेश डहरे, नीरज कुमार वर्मा, तिलक राम चौधरी और दमयंती नायक शामिल हैं। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
हड़ताल के बीच हुई इस कार्रवाई ने राजस्व विभाग में हलचल बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन की इस सख्ती के बाद राजस्व कार्यों में कितनी तेजी आती है।

