भोपालपटनम के शिव मंदिर में चोरी, दो दान पेटियों के ताले तोड़कर नकदी ले उड़े अज्ञात चोर,,,,,,,,
,,,,,,,,,, तेजनारायण सिंह की रिपोर्ट,,,,,,,,
शिवरात्रि के बाद से दान पेटियों में जमा राशि की नहीं हुई थी निकासी, समिति ने लाखों रुपये होने का जताया अनुमान; पुलिस ने शुरू की जांच
भोपालपटनम।,,,,,,,,,, नगर के शिव मंदिर में रविवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद मंदिर में रखी दो दान पेटियों के ताले तोड़कर उनमें जमा दान की पूरी राशि लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह जब मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना शुरू हुआ, तब चोरी की घटना का पता चला। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही श्रद्धालुओं और नगरवासियों में हैरानी के साथ नाराजगी भी देखने को मिली।
मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने सबसे पहले मंदिर के सामने मुख्य गेट पर लगे ताले को तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद मंदिर परिसर में रखी दोनों दान पेटियों को निशाना बनाते हुए उनके ताले तोड़ दिए और उनमें श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई दान राशि लेकर फरार हो गए। सुबह मंदिर पहुंचने पर जब लोगों ने ताले टूटे हुए देखे, तब घटना की जानकारी सामने आई।
शिवरात्रि के बाद से जमा थी दान की राशि
मंदिर समिति के सदस्यों से मिली जानकारी के अनुसार, महाशिवरात्रि के बाद से दान पेटियों में जमा राशि को निकाला नहीं गया था। ऐसे में दोनों दान पेटियों में काफी रकम जमा होने की संभावना है। समिति के सदस्यों ने अनुमान जताया है कि चोरी गई राशि लाखों रुपये में हो सकती है। हालांकि, दान पेटियों में कितनी रकम थी, इसका वास्तविक आकलन जांच और उपलब्ध जानकारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
गौड़ी पूजा के विसर्जन के बीच चोरी की घटना से लोग हैरान
नगर में रविवार रात गौड़ी पूजा के विसर्जन का कार्यक्रम भी चल रहा था। इस दौरान देर रात तक लोगों का आना-जाना लगा हुआ था। परंपरा के अनुसार, गौड़ी पूजा के अंतिम दिन महिलाएं फूलों से सजी गौड़ी माता को दर्शन के लिए मंदिर लेकर आती हैं। इसके बाद तालाब में प्रतिमा का विसर्जन कर अपने घर लौटती हैं। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहता है।
ऐसे में नगर में लोगों की आवाजाही के बीच शिव मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से नगरवासियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों के लिए यह समझ से परे है कि देर रात तक चहल-पहल रहने के बावजूद अज्ञात चोर मंदिर के गेट और दान पेटियों के ताले तोड़कर नकदी लेकर कैसे फरार हो गए।
समिति ने थाने में दर्ज कराई लिखित शिकायत
घटना के बाद मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने थाने पहुंचकर चोरी के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी ने मामले में तत्काल कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
नगर के प्रमुख धार्मिक स्थल शिव मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, ताकि चोरी की वारदात का खुलासा हो सके और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

