

राहुल भोई महासमुंद…
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 102 लीटर शराब और 400 किलो महुआ लाहन जब्त
महासमुंद, 2 अगस्त। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में जिला आबकारी अधिकारी के विशेष मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो प्रकरण दर्ज किए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 102 बल्क लीटर अवैध शराब तथा 400 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया है।
पहली कार्रवाई महासमुंद वृत्त अंतर्गत लभरा में की गई। यहां आबकारी उपनिरीक्षक विकास बढ़ेंद्र के नेतृत्व में टीम ने आरोपी रोशन माँझी पिता गौवलाल माँझी के कब्जे से 50 नग शोले मसाला एवं 50 नग रोमियो प्लेन ब्रांड की कुल 18 लीटर देशी शराब बरामद की। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई में आबकारी आरक्षक संजय तिवारी सहित आबकारी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं दूसरी कार्रवाई जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने सांकरा थाना क्षेत्र के भैसानाला भोजपुरी जंगल में की। यहां आरोपी बेनुधर बिसाल पिता बिहारी बिसाल के कब्जे से 84 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब तथा 400 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च), 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार झारिया ने किया। टीम में आबकारी आरक्षक सैयद इरफान अली सहित जिला स्तरीय उड़नदस्ता स्टाफ शामिल रहा।
जिला आबकरी अधिकारी अजय पाण्डेय ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
“जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग की टीमों को नियमित रूप से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील है कि अवैध शराब संबंधी किसी भी सूचना की जानकारी विभाग को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।”




